दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट रद:दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति, सुरक्षा कारणों का हवाला दिया; 30 अक्टूबर को था शो

Written by

in




पंजाबी गायक और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ का 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाला कॉन्सर्ट खटाई में पड़ गया है। दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का हवाला देते हुए उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह शो जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होना था। बुकमायशो को भेजा पत्र दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय ने आयोजक बुकमायशो को पत्र भेजकर फैसले की जानकारी दी है। पत्र के मुताबिक, आयोजक ने 14 अक्टूबर को 30 अक्टूबर के कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी। आवेदन की समीक्षा के बाद पुलिस ने मौजूदा परिस्थितियों में आयोजन की मंजूरी देने में असमर्थता जताई। त्योहारों के सीजन में सुरक्षा चुनौती पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान राजधानी के संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त बल तैनात करना जरूरी होता है। ऐसे में बड़े कॉन्सर्ट के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना थी, जिसके चलते भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकासी तथा सुरक्षा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम करने पड़ते। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अनुमति देने से इनकार किया है। हालांकि, इस फैसले के बाद कॉन्सर्ट के आयोजन को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है। आयोजकों के अगले कदम पर नजर फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आयोजक कार्यक्रम के लिए नई तारीख मांगेंगे या किसी दूसरे स्थान पर आयोजन की संभावना तलाशेंगे। दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों को अब आयोजकों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।



Source link

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *