'मन्नत' में तन्वी डोगरा और नमिक पॉल की नई जोड़ी:ढाबे की लड़ाई से शुरू होगी प्यार और टकराव की कहानी

Written by

in




टीवी शो ‘मन्नत: हर खुशी पाने की’ नई कहानी और नए लीड्स के साथ लौट रहा है। तन्वी डोगरा मन्नत जुनेजा और नमिक पॉल कबीर ओबेरॉय के किरदार में नजर आएंगे। मन्नत आत्मनिर्भर, निडर और परिवार से बेहद प्यार करने वाली लड़की है। वह अपने भाई विराट के नाम पर ढाबा चलाती है। वहीं, कबीर सफल बिजनेसमैन है, जिसके लिए पैसा, पावर और हर चीज पर कंट्रोल मायने रखता है। कबीर जब मन्नत का ढाबा गिराने पहुंचता है, तो दोनों में टकराव शुरू होता है। हालांकि, अतीत से जुड़े राज और इमोशनल कनेक्शन भी उनकी कहानी को खास बनाएंगे। शो की नई शुरुआत, ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री, सोशल मीडिया और निजी जिंदगी से जुड़े मुद्दों पर तन्वी डोगरा और नमिक पॉल ने बातचीत की। सवाल: ‘मन्नत’ की नई कहानी और नए लीड्स के साथ शो एक नया चैप्टर शुरू कर रहा है। दर्शकों को इस नई जोड़ी में ऐसा क्या देखने को मिलेगा, जो इसे पहले से अलग बनाएगा? जवाब/तन्वी डोगरा: हमारी इक्वेशन काफी अलग है। कबीर बहुत हॉट-हेडेड और एरोगेंट है। वह मन्नत के साथ खास तौर पर रूखे तरीके से पेश आता है। दोनों के बीच नोकझोंक देखने को मिलेगी। हमारे किरदारों की बैकस्टोरी भी अलग है। नमिक पॉल: दोनों के बीच इमोशनल कनेक्शन और गिल्ट है, जो उनकी जिंदगी और फैसलों को प्रभावित करता है। यह गिल्ट क्या है और उनके व्यवहार को कैसे बदलता है, इसका खुलासा शो में होगा। सवाल: मन्नत अपने भाई विराट के नाम पर ढाबा चलाती है और कबीर के सामने मजबूती से खड़ी होती है। इस किरदार की कौन-सी बात आपको अपनी पर्सनैलिटी से जुड़ी लगती है? जवाब/तन्वी डोगरा: मुझे लगता है कि मन्नत का सेल्फ-कॉन्फिडेंस मेरी पर्सनैलिटी से मेल खाता है। उसे यकीन है कि वह जो कर रही है, वह सही और नैतिक है। वह अपने फैसलों पर भरोसा करती है और मुश्किल परिस्थितियों में भी पीछे नहीं हटती। सवाल: कबीर ओबेरॉय सफल बिजनेसमैन है, जो मन्नत का ढाबा तुड़वाने पहुंचता है। क्या कबीर को लगता है कि पैसा और पावर से सब कुछ हासिल किया जा सकता है, या मन्नत उसे बदलने वाली है? जवाब/नमिक पॉल: कबीर को लगता है कि पैसे से किसी भी चीज को खरीदा और कंट्रोल किया जा सकता है। उसके लिए कंट्रोल जरूरी है, जिसकी वजह उसका अतीत है। मन्नत उसे बदल पाएगी या नहीं, यह शो में पता चलेगा, लेकिन उसे बदलना आसान नहीं होगा। सवाल: प्रोमो में मन्नत और कबीर की टक्कर दिलचस्प लग रही है। असल जिंदगी में आप दोनों में से ज्यादा गुस्सैल कौन है और शूटिंग के दौरान सबसे ज्यादा नोकझोंक किसकी होती है? जवाब/तन्वी डोगरा: हमने अभी तक एपिसोड के लिए साथ में ज्यादा शूटिंग नहीं की है। लेकिन नमिक मुझे शांत और कंपोज्ड लगते हैं। वह बहुत स्वीट और डाउन-टू-अर्थ हैं। नमिक पॉल: तन्वी भी बहुत खुशमिजाज हैं। वह लगातार हंसती रहती हैं और अच्छी एनर्जी लेकर आती हैं। अभी हमारी साथ में शूटिंग शुरू ही हुई है, इसलिए असल नोकझोंक के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। सवाल: आप दोनों पहली बार साथ में स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। पहली मुलाकात कैसी रही? क्या पहली नजर में ही एक-दूसरे के साथ काम करने की सहजता महसूस हुई? जवाब/तन्वी डोगरा: जब मैं अपने कमरे से बाहर आई, तो नमिक क्रिएटिव टीम के साथ खड़े थे। उन्होंने मुझे देखकर कहा था कि उन्हें बताया गया था कि हीरोइन लंबी है। नमिक को देखकर मैंने मजाक में कहा कि उनसे तो कहा गया था कि हीरो लंबा है, लेकिन यहां तो कुछ और ही मामला है। नमिक पॉल: हम पहली बार लुक टेस्ट के दौरान मिले थे। उस दिन हमने मॉक सीन किया था और उसी रात मुझे यात्रा पर निकलना था। टीम ने सीन पर काफी मेहनत की थी और वह अच्छा रहा। तन्वी से मिलना अच्छा अनुभव था। सवाल: आजकल टीवी एक्टर्स की लोकप्रियता सिर्फ टीआरपी से नहीं, बल्कि इंस्टाग्राम रील्स, फैन एडिट्स और वायरल क्लिप्स से भी मापी जाती है। क्या आप सोशल मीडिया पर अपनी और तन्वी की केमिस्ट्री से जुड़े फैन एडिट्स देखते हैं? कभी किसी फैन की प्रतिक्रिया ने आपको चौंकाया है? जवाब/नमिक पॉल: फैंस हमारे लिए कुछ बनाते हैं, तो बहुत अच्छा लगता है। कुछ लोग ड्रॉइंग बनाते हैं, तस्वीरें जोड़ते हैं और पोर्ट्रेट्स तैयार करते हैं। यह देखकर अच्छा लगता है कि लोग इतना समय और मेहनत देते हैं। हालांकि, मैं इन चीजों से लोकप्रियता नहीं मापता। मेरे लिए यह फैंस की तरफ से प्यारा जेस्चर है। सवाल: टीवी इंडस्ट्री में लंबे शूटिंग शेड्यूल और लगातार बदलती कहानियों के बीच अपनी पर्सनल लाइफ और मेंटल पीस को कैसे मैनेज करते हैं? क्या कभी शूटिंग का तनाव घर तक पहुंचता है? जवाब/तन्वी डोगरा: मैं खुशमिजाज इंसान हूं। मुझे ज्यादा गुस्सा नहीं आता और मैं छोटी-छोटी बातों का बोझ नहीं लेती। मेरा मानना है कि शांति से और मिल-जुलकर काम करना चाहिए। मैं यही एनर्जी घर से सेट पर और सेट से घर लेकर जाती हूं। नमिक पॉल: मेरे लिए काम करना ही खुशी की बात है। मैं शूटिंग और सीन करना पसंद करता हूं। कई बार मजाक में कहता हूं कि मेरी कोई दूसरी जिंदगी ही नहीं है। खाली बैठने से बेहतर है कि काम करें और कुछ अच्छा व कंस्ट्रक्टिव करें। सवाल: आज टीवी इंडस्ट्री में डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया का दबाव बढ़ गया है। क्या आपको लगता है कि एक्टर्स को अच्छी एक्टिंग के साथ-साथ अपनी डिजिटल इमेज पर भी उतनी ही मेहनत करनी पड़ती है? जवाब/तन्वी डोगरा: बिल्कुल। आज डिजिटल वर्ल्ड प्रभावशाली हो गया है। मोबाइल फोन हर वक्त हमारे पास रहता है और कलाकार आसानी से दर्शकों तक पहुंच सकते हैं। इसलिए एक्टर्स को सोशल मीडिया पर भी काम करना चाहिए। नमिक पॉल: मैं मानता हूं कि सोशल मीडिया जरूरी है, लेकिन मुझे तस्वीरें खिंचवाने और पोस्ट करने में आलस आता है। हालांकि, अब मैं ज्यादा पोस्ट करने की कोशिश कर रहा हूं और आगे भी इस पर ध्यान दूंगा। सवाल: अगर आपको अपने किरदार मन्नत या कबीर को असल जिंदगी के अनुभवों से कोई सलाह देनी हो, तो आप क्या कहेंगे? साथ ही, दर्शकों से शो की नई शुरुआत के लिए क्या अपील करना चाहेंगे? जवाब/तन्वी डोगरा: मैं मन्नत से कहूंगी कि वह सपने देखती रहे और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करती रहे। अगर उसका सपना विराट के ढाबे को दुनिया का सबसे बेहतरीन ढाबा बनाना है, तो उसे इसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ते रहना चाहिए। नमिक पॉल: मैं कबीर से कहूंगा कि वह शांत रहे और हर चीज को कंट्रोल करने की कोशिश न करे।



Source link

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *