22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
वायरल वीडिया बेंगलुरु में फिल्म के क्लाइमैक्स सीन की शूटिंग का है।
इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म गनमास्टर G9 के सेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। इसमें हवा में पलटी SUV नीचे खड़ी वैन पर गिरती दिख रही है।
वीडियो में आउटडोर सेट पर एक कार स्टंट नजर आ रहा है। हालांकि मेकर्स ने अब तक नहीं बताया कि यह सब प्लान किया गया था या स्टंट के दौरान हादसा हो गया।
हादसे में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वीडियो में SUV के नीचे गिरते ही क्रू मेंबर्स और आसपास मौजूद लोग उसकी ओर भागते दिखते हैं।
वहीं, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि जब क्रेन का मैकेनिज्म फेल हुआ और हवा में घूम रही SUV नीचे गिरी, तब इमरान हाशमी वहीं जमीन पर खड़े थे।
वह गाड़ी उनके चेहरे से महज एक फीट (या कुछ इंच) की दूरी पर आकर नीचे खड़ी वैन से टकराई। हालांकि, वीडियो में इमरान हाशमी क्लियर नहीं दिख रहे हैं। न ही इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो पाई है कि वह वहां मौजूद थे।

वीडियो में इमरान हाशमी के फिल्म गनमास्टर G9 के लुक जैसा एक शख्स नजर आ रहा है। हालांकि, दूर होने के कारण उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा।
गौरतलब है कि इमरान हाशमी इन दिनों गनमास्टर G9 की शूटिंग कर रहे हैं। सेट से सामने आए इस वीडियो में सड़क पर स्टंट की तैयारी दिखाई गई है।
वीडियो में एक SUV को बड़े कंस्ट्रक्शन क्रेन सर्विस वाहन से हवा में लटकाया गया है। पक्की सड़क पर क्रू मेंबर्स और अन्य लोग इस सेटअप को देख रहे हैं।
इसके बाद काउंटडाउन शुरू होता है। काउंटडाउन खत्म होते ही क्रेन की केबल से SUV अचानक झटके के साथ हवा में पलट जाती है।

SUV नीचे की ओर घूमते हुए गिरती है और वहां खड़ी काली वैन की छत से जोरदार टक्कर होती है। इसके बाद अन्य प्रोडक्शन वाहन और क्रू मेंबर्स कार की तरफ भागते हैं।
फिल्म में ये कलाकार हैं
फिल्म गनमास्टर G9 में इमरान हाशमी ईश्वर का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा आरती और अपारशक्ति खुराना देसू के रोल में हैं।
फिल्म की कहानी सरीम मोमिन और जुनैद वासी ने लिखी है। आदित्य दत्त इसके डारेक्टर हैं।

‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी लंबे बालों में नजर आएंगे।
गनमास्टर G9 में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया फिर साथ आए हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे प्रेमी की है, जो अपनी पसंद की महिला के साथ रहने के लिए बेहद कदम उठाता है। इस दौरान उसका सामना एक खतरनाक दुश्मन से होता है।
दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर फिल्म के निर्माता हैं। ये सभी सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर के तहत फिल्म बना रहे हैं।
हरिद्वार में गनमास्टर G9 की शूटिंग के दौरान विवाद हुआ था
हरिद्वार में जून 2026 में गनमास्टर G9 की शूटिंग के दौरान बार एंड रेस्टोरेंट के सेट को लेकर विवाद हुआ था। हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने सेट पर पहुंचकर बोर्ड का विरोध किया था।
उन्होंने फिल्म यूनिट से पूछा था कि हरिद्वार में ऐसा बोर्ड लगाने की अनुमति किसने दी। विरोध बढ़ने पर मेकर्स को बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाना पड़ा था। घटना के वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें लोग फिल्म यूनिट से बहस करते नजर आए थे। दोनों एक्टर उस समय फिल्म ‘गनमास्टर G9’ की शूटिंग के लिए हरिद्वार और देहरादून में मौजूद थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…


Leave a Reply