सोनीपत9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सोनीपत से आरोपी को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस, दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए सोनीपत के ही कुणाल और सुमित।
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में सोनीपत से एक और युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अंकित सोनीपत के बरोदा गांव का रहने वाला है। मुंबई पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 3 दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।
अंकित का नाम फायरिंग की साजिश, रेकी और पैसों के लेनदेन में सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसकी सीधा संपर्क अनिल पंडित से था। इससे पहले पुलिस ने सोनीपत जिले के कुणाल (21), सुमित (19) और उत्तर प्रदेश की राधा (23), बबीता (23) को गिरफ्तार किया था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के मेंबर अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल और सुमित ने ही हथियारों का इंतजाम किया था। पिस्टल और 20 कारतूस अमृतसर से लाए गए थे। इसके बाद ये हथियार राधा और बबीता के जरिए तीनों शूटरों तक पहुंचाए गए।
मामले में तीन शूटर पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें हरियाणा के सोनीपत का ही रेहान, एक नाबालिग और बिहार का ऋतिक उर्फ रोशन शामिल है। रेहान के दो दोस्त समीन और बोनी उर्फ रौनक भी पुलिस हिरासत में है।
पुलिस की मानें तो 18 अक्टूबर को फायरिंग के बाद शूटरों को मुंबई से निकालने की जिम्मेदारी भी कुणाल को मिली थी। उसे एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से निर्देश मिल रहे थे। मंगलवार रात दिल्ली से हुई गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस चारों का तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया है।

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी किए गए आरोपियों के फोटो।
दिल्ली पुलिस ने चारों आरोपियों के बारे में ये बातें बताईं…
- एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित से संपर्क: दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कुणाल की मुलाकात सोनीपत के हरसाना गांव में रहने वाले एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए बातचीत होने लगी। पुलिस को शक है कि अनिल पंडित विदेश में बैठकर भारत में अपने गुर्गों को निर्देश दे रहा था। उसके कहने पर ही कुणाल ने हथियार जुटाने और उन्हें मुंबई तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।
- अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया: पुलिस के अनुसार, कुणाल अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस लेकर आया था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात राधा से हुई थी। जांच में सामने आया कि कुणाल ने पहले उसे अपनी गतिविधियों के बारे में बताया और बाद में हथियार देकर मुंबई जाने के लिए तैयार किया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार किससे खरीदे गए थे।
- 15 अक्टूबर को युवतियों के साथ नई दिल्ली स्टेशन पहुंचा: जांच के अनुसार, 15 अक्टूबर को कुणाल, राधा और बबीता को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा और उन्हें ट्रेन में बैठा दिया। पिस्टल राधा के बैग में रखी हुई थी। यात्रा के दौरान कुणाल एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अनिल पंडित के संपर्क में रहा और दोनों युवतियों को निर्देश देता रहा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों युवतियों को हथियार ले जाने के लिए किस तरह तैयार किया गया था।
- मुंबई में दादर स्टेशन पर उतरीं, होटल में ठहरीं: पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को राधा और बबीता मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में ठहरीं। उसी दिन सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेकर चला गया। जांच में इस बैग में रखे हथियार को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस को शक है कि जो नाबालिग लड़का बैग लेकर गया, वह हरियाणा के सोनीपत का वही लड़का है जिसे कोटा से अरेस्ट किया जा चुका है। पुलिस अब इसकी पुष्टि कर रही है।
- फायरिंग के बाद शूटरों को निकालने का भी काम किया: पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। इसके बाद अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं और उन्हें वहां से निकालने की व्यवस्था करने को कहा। इसी दिन राधा और बबीता दादर से हरिद्वार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। पुलिस इस घटनाक्रम को फायरिंग के बाद आरोपियों की आवाजाही और उनके नेटवर्क से जोड़कर जांच रही है।

टाइगर पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों रेहान, ऋतिक और एक नाबालिग को कोटा पुलिस ऑफिस में मीडिया के सामने पेश किया गया था।
दिल्ली रेलवे स्टेशन और सोनीपत से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया। कुनाल की उम्र 21 वर्ष और सुमित की 19 वर्ष बताई गई है। उत्तर प्रदेश निवासी राधा और बबीता दोनों 23-23 वर्ष की हैं। पुलिस चारों को लिंक खंगाल रही है। साथ ही पता कर रही है कि ये चारों करते क्या है, इनका फैमिली बैकग्राउंड क्या है।
मुंबई पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने अदालत में चारों आरोपियों से पूछताछ की अनुमति मांगी। अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए मुंबई पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया। अब जांच एजेंसियां हथियारों की सप्लाई, कथित शूटरों तक हथियार पहुंचाने और पूरे नेटवर्क में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।
फायरिंग करने में हरियाणा के अनिल पंडित और रेहान मुख्य किरदार


———————-
ये खबर भी पढ़ें….
टाइगर श्रॉफ केस-शूटर रेहान की मां बोली-हरियाणा में छिपा मास्टरमाइंड:दावा-विदेशों से फंडिग अमन के जरिए हुई, वेपन सप्लाई से फायरिंग तक की पूरी साजिश रची

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश में सोनीपत के युवकों रेहान, समीर, बोनी उर्फ रौनक और एक नाबालिग के तार जुड़ने के बाद अब उनके परिवारों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रेहान की मां शमशीदा ने तो दैनिक भास्कर से बातचीत में गोहाना क्षेत्र के रहने वाले अमन को ही इसे पूरे केस का मास्टरमाइंट बताया है। (पूरी खबर पढ़ें)

