उत्तराखंड में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को लेकर हुए विवाद के बाद उनके समर्थन में कई बॉलीवुड एक्टर आ गए हैं। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने करीब 3 मिनट का वीडियो अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर अपलोड कर दलेर मेहंदी में अपना विश्वास दिखाया है और उन्हें अपना समर्
.
उन्होंने कहा कि किसी को किसी से भी इस तरह बात नहीं करनी चाहिए। अनुपम खेर ने कहा- जितना मैं दलेर मेहंदी को जानता हूं, वह शराब नहीं पीते। कुछ सालों से उनकी तबीयत ठीक नहीं है। हो सकता है कि वह बीमार रहे हों और कमिटमेंट के चलते गाने पहुंच गए हों, लेकिन मंत्री ने ठीक नहीं किया।
अनुपम खेर से पहले दलेर मेहंदी के छोटे भाई मीका सिंह ने उनका समर्थन किया। इसके बाद कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा और सिंगर-रैपर बादशाह भी खुलकर दलेर मेहंदी के पक्ष में आए।
बता दें कि उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में 18 अक्टूबर को परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक स्टेज पर पहुंच गए। उन्होंने दलेर मेहंदी पर लिप-सिंकिंग करने और शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए बीच में ही उनकी परफॉर्मेंस रुकवा दी और उन्हें फटकारा था।
अनुपम खेर ने वीडियो जारी कर अपनी बात कही।
वीडियो में अनुपम खेर ने ये बातें कहीं
- दलेर मेहंदी के साथ मंत्री ने बदतमीजी की: अनुपम खेर ने कहा, “मैं इस समय विदेश में हूं। मैंने वीडियो देखा जिसमें दलेर मेहंदी मंच पर गा रहे थे। कोई मंत्री जी मंच पर चढ़कर बदतमीजी से बात कर रहे थे। बहुत कुछ कह रहे थे। मैं वहां पर नहीं था, इसलिए मुझे पता नहीं है।
- दलेर शराब नहीं पीते: अनुपम खेर ने कहा- मैं दलेर मेहंदी को पिछले 25 से 30 साल से जानता हूं। मैं इतना कह सकता हूं कि वह शराब नहीं पीते। वास्तव में वह बेहतरीन इंसानों में से एक हैं, जिनसे मैं मिला हूं। हो सकता है कि उनकी तबीयत ठीक न हो।
- मैं उनकी तबीयत के बारे में पूछता रहता हूं: उन्होंने कहा- हमारे एक दोस्त डॉक्टर हैं, जो वहां मुझे मिलते रहते हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से उनसे उनकी (दलेर मेहंदी की) तबीयत के बारे में पूछता हूं। दो-तीन साल से उनकी तबीयत ठीक नहीं है।
- कमिटमेंट के चलते मना नहीं कर पाए होंगे: अनुपम खेर बोले- हो सकता है कि इस आयोजन के लिए दलेर मेहंदी की कमिटमेंट रही हो और वह मना न कर पाए हों। यह उनका प्रोफेशनलिज्म है कि वह अपनी कमिटमेंट पर कायम रहे और उन्होंने गाया। यह भी हो सकता है कि उन्होंने गाने पर केवल होंठ हिलाए हों, क्योंकि मुझे इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है।

- संगीत जगत को बात करनी चाहिए: अनुपम खेर ने कहा कि लोगों को इस मामले पर बात करनी चाहिए। संगीत जगत के लोगों को भी इस बारे में अपनी बात रखनी चाहिए। यह सिर्फ मीका की जिम्मेदारी नहीं है कि वह अपने भाई का बचाव करें। बचाव करने की बात नहीं है, बल्कि अपनी बात रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा- हमें इस बारे में बात करनी चाहिए और उन लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए, जिन्हें हम जानते हैं।
- दलेर, आप ग्रेट हो: अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के प्रति अपना समर्थन जताते हुए कहा कि उन्हें उनके फैसले, प्रोफेशनलिज्म, अच्छाई और महानता पर भरोसा है। उन्होंने दलेर मेहंदी के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा, “भगवान आपका भला करें। आप जल्द स्वस्थ हों, क्योंकि मुझे पता है कि आपकी तबीयत ठीक नहीं है। मुझे दुख है कि आपको इस सब से गुजरना पड़ा। रब राखा, तुसी ग्रेट हो।”
अन्य कलाकार इस विवाद पर क्या बोले
कपिल शर्मा बोले- सर्जरी हुई थी
इस विवाद को लेकर कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- पाजी एक गंभीर सर्जरी से गुजरे हैं, जिसके बारे में लोग नहीं जानते। हम सभी को दूसरों के प्रति थोड़ा और दयालु होने की जरूरत है। हम नहीं जानते कि कोई किस दौर से गुजर रहा है। स्पष्टीकरण के लिए धन्यवाद मीका पाजी। भगवान दलेर पाजी पर कृपा बनाए रखें।

कपिल शर्मा ने यह पोस्ट शेयर की।
बादशाह ने कहा- दलेर के साथ जो हुआ है वह गलत
वहीं, रैपर बादशाह ने भी दलेर मेहंदी के साथ जो हुआ है, उसे गलत बताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर लिखा, “दलेर मेहंदी एक लीजेंड (महान कलाकार) हैं। आप अपनी निराशा जाहिर कर सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से ऐसे कलाकार को अपमानित करना, जिन्होंने हमारे संगीत जगत को इतना कुछ दिया है, बेहद निराशाजनक है। महान कलाकार सम्मान के हकदार हैं। खासकर तब, जब वे मुश्किल दौर से गुजर रहे हों।

रैपर बादशाह ने दलेर मेहंदी के हक में यह पोस्ट लिखी।
मास्टर सलीम बोले- मंत्री जी को सम्मान दिखाना चाहिए
पंजाबी सिंगर मास्टर सलीम का कहना है- मैंने एक वीडियो देखा। पहले तो मैं मंत्री जी से विनती करता हूं कि दलेर पाजी ने आज तक जिंदगी में ड्रिंक नहीं की। मैं उनके साथ काफी टाइम रहा हूं। उनसे मिलता रहता हूं और फोन पर बात होती रहती है। वह हमारा मान हैं। हम उनका बहुत सम्मान करते हैं।
मास्टर सलीम ने कहा- दलेर पाजी चाहते तो वह भी आगे से बोल सकते थे। उनकी टीम बोल सकती थी, लेकिन किसी ने नहीं बोला। मंत्री का उन्होंने सम्मान किया। मंत्री जी आप भी कलाकारों के लिए कुछ सम्मान दिखाएं, जिनको भी आपने बुलाया।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी पर उत्तराखंड के मंत्री भड़के:मंच पर आकर फटकार लगाई; कहा- आप बोल तो पा नहीं रहे, गाना क्या गाएंगे

पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के लाइव शो में विवाद हो गया। रविवार (18 अक्टूबर) की रात को वह उत्तराखंड में टिहरी-गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी मेले में प्रस्तुति देने पहुंचे थे। यहां चीफ गेस्ट बनकर आए उत्तराखंड के मंत्री व स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल ने उन्हें काफी खरी-खोटी सुनाईं। पढ़ें पूरी खबर…







