Tag: Kumar

  • Imran Khan Citizenship Controversy | Akshay Kumar Adnan Sami List

    Imran Khan Citizenship Controversy | Akshay Kumar Adnan Sami List


    10 घंटे पहले

    • कॉपी लिंक

    एक्टर इमरान खान के खिलाफ भारतीय नागरिकता न होने के बावजूद प्रोटेस्ट में शामिल होने पर शिकायत दर्ज हुई है। मुंबई पुलिस ने उन पर कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का आदेश दिया है। ये इस तरह का इकलौता मामला नहीं है। इससे पहले अक्षय कुमार, अदनान सामी, दिलजीत दोसांझ जैसे कई सेलेब्स की नागरिकता विवादों में रही है। कुछ ने विदेशों के बाद भारतीय नागरिकता ली, तो कुछ ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी। इनके अलावा आलिया भट्ट, कटरीना कैफ जैसे कुछ सेलेब्स ऐसे भी हैं, जो सालों से भारत में काम कर रहे हैं, लेकिन उनके पास भारतीय नागरिकता नहीं है।

    इमरान खान के हालिया विवाद के बीच जानिए सिटिजनशिप से जुड़े सेलेब्स के विवादों की कहानी-

    पहले इमरान खान को भारत से निकाले जाने की सही वजह समझिए-

    • इमरान खान, आमिर खान की बहन नुजहत के बेटे हैं। उनका जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ।
    • जन्म से ही इमरान खान के पास अमेरिकी नागरिकता और अमेरिकी पासपोर्ट है।
    • इमरान ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड की मदद से भारत में काम करते और रहते हैं।
    • इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत अगर किसी शख्स के पास भारतीय नागरिकता नहीं है, तो वह देश से जुड़े किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सकता।
    • इमरान ने नियम का उल्लंघन किया है, जिसके चलते उनके खिलाफ कार्रवाई हुई है।

    इमरान खान जैसे इन 3 एक्टर्स को भी नियम का उल्लंघन करने पर देश से निकलने का आदेश मिला-

    1. एक्टर चेतन कुमार अहिंसा- देश विरोधी बयान देने पर कार्यवाई हुई

    कन्नड़ अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता चेतन कुमार अहिंसा, जिन्हें चेतन कुमार के नाम से भी जाना जाता है, 2023 में अपने OCI कार्ड को लेकर विवादों में आए थे। चेतन अमेरिकी नागरिक हैं और OCI कार्ड की मदद से लंबे समय से कर्नाटक में रहकर फिल्मों और सामाजिक मुद्दों पर काम कर रहे थे।

    एक्टर चेतन कुमार अहिंसा।

    एक्टर चेतन कुमार अहिंसा।

    चेतन ने 2023 में सोशल मीडिया पर भारत विरोधी बयान दिए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई हुई। मार्च 2023 में केंद्र सरकार ने उनकी OCI सुविधा रद्द करने का फैसला सुनाया। यानी उन्हें भारत में रहने और काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने इस फैसले को चुनौती दी और अप्रैल 2023 में कर्नाटक हाईकोर्ट ने उनके OCI कार्ड को रद्द करने के आदेश पर रोक लगा दी।

    2. बांग्लादेशी एक्टर फिरदौस अहमद- चुनाव प्रचार करने पर देश छोड़ने का आदेश दिया गया

    बांग्लादेशी अभिनेता फिरदौस अहमद अप्रैल 2019 में पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए प्रचार करने के बाद विवादों में आ गए थे। वह बंगाली फिल्म इंडस्ट्री में काम करते थे और उस समय भारत में बिजनेस वीजा पर मौजूद थे।

    बांग्लादेशी एक्टर फिरदौस अहमद।

    बांग्लादेशी एक्टर फिरदौस अहमद।

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिरदौस अहमद को रायगंज लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार कन्हैया लाल अग्रवाल के समर्थन में रोड शो और चुनाव प्रचार करते देखा गया था। इस पर भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की और विदेशी नागरिक के चुनाव प्रचार में शामिल होने पर सवाल उठाए।

    इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनके बिजनेस वीजा को रद्द कर दिया और उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने उनके खिलाफ वीजा नियमों के उल्लंघन की कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया गया था। फिरदौस अहमद ने बाद में भारत छोड़ दिया और अपने चुनाव प्रचार में शामिल होने को अनजाने में हुई गलती बताते हुए बिना शर्त माफी मांगी थी।

    3. गाजी अब्दुल नू- वीजा खत्म होने के बावजूद भारत में रहकर चुनाव प्रचार का हिस्सा बने

    बांग्लादेशी अभिनेता गाजी अब्दुल नूर, जिन्हें गाजी अब्दुन नूर भी लिखा जाता है, अप्रैल 2019 में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार से जुड़े विवाद में फंस गए थे। वह बंगाली टीवी शो ‘रानी रश्मोनी’ में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते थे।

    गाजी अब्दुल नू।

    गाजी अब्दुल नू।

    नूर को दमदम लोकसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सौगत रॉय के समर्थन में एक रैली में प्रचार करते देखा गया था। भाजपा ने इस मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाया था। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें भारत छोड़ने का नोटिस दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका वीजा 6 जुलाई 2018 को समाप्त हो गया था, लेकिन वह इसके बाद भी लगभग नौ महीने तक भारत में रहे। अधिकारियों ने इसे वीजा नियमों के उल्लंघन के रूप में देखा और उन्हें बांग्लादेश लौटकर नए वीजा के लिए आवेदन करने को कहा।

    नागरिकता से जुड़े सेलेब्स के ये 3 बड़े विवाद भी पढ़िए-

    1. दिलजीत दोसांझ ने भारतीय नागरिकता छोड़ी, अब अमेरिकन सिटिजन हैं

    अमर सिंह चमकीला, गुड न्यूज और बॉर्डर 2 जैसे प्रोजेक्ट्स से जुड़े दिलजीत के पास 2018 तक भारतीय नागरिकता थी, हालांकि 2022 में उन्होंने अमेरिकी नागरिकता ले ली। तब से अब तक वह अमेरिकी पासपोर्ट होल्डर हैं। भारत में दोहरी नागरिकता का प्रावधान नहीं है, इसलिए वे अब भारत आने के लिए ई-वीजा का उपयोग करते हैं और उनके पास ओसीआई (OCI) कार्ड भी नहीं है।

    2. अक्षय कुमार के पास थी कनाडाई नागरिकता, विवादों के बीच इंडियन सिजिटनशिप हासिल की

    अक्षय कुमार की नागरिकता का विवाद 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान बड़ा मुद्दा बना। दरअसल, अमृतसर में जन्में अक्षय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में कनाडा की नागरिकता हासिल की थी। उन्हें भारत में अच्छा काम नहीं मिल रहा था, ऐसे में वो कनाडा के नागरिक बनकर वहीं काम करने लगे। बाद में भारत में उनका फिल्मी करियर फिर चल निकला, लेकिन उन्होंने कनाडाई नागरिकता ही रखी और डॉक्यूमेंटेशन नहीं करवाया। वह लगातार कनाडा के पासपोर्ट से ही ट्रेवल करते थे।

    विवाद पर अक्षय का जवाब रहा कि उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कनाडाई पासपोर्ट रखने की बात नहीं छिपाई। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय होने पर बार-बार सफाई देना उन्हें दुख पहुंचाता है।

    विवादों के बीच अक्षय कुमार ने भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए आवेदन किया। 15 अगस्त 2023 को उन्होंने भारतीय नागरिकता मिलने की पुष्टि की। उन्होंने कनाडाई नागरिकता छोड़ दी।

    3. अदनान सामी लंदन में जन्में, पाकिस्तानी नागरिकता ली, फिर भारतीय नागरिकता बने

    अदनान सामी का जन्म लंदन में हुआ था और वे पाकिस्तानी नागरिक रहे। बाद में उन्होंने भारतीय नागरिकता हासिल की। दरअसल, 2001 में अदनान सामी पाकिस्तान से भारत आए थे। भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्ते होने के चलते उनका पाकिस्तानी नागरिकता के साथ भारत में रहकर काम करना विवादों में रहा। 2015 में जब उनके पाकिस्तानी पासपोर्ट की वैधता समाप्त हो गई, तो उन्होंने भारत में रहने और भारतीय नागरिकता हासिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। 1 जनवरी 2016 को उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई। इसके बाद वे आधिकारिक तौर पर भारतीय नागरिक बन गए।

    भारत में दोहरी नागरिकता का क्या नियम है?

    भारत में नागरिकता को लेकर एक अहम कानूनी व्यवस्था है। भारतीय संविधान और नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत भारत और किसी दूसरे देश की नागरिकता एक साथ रखने की सामान्य अनुमति नहीं है, जबकि दूसरे कुछ देशों में दोहरी नागरिकता रखी जा सकती है। यदि कोई भारतीय नागरिक स्वेच्छा से किसी दूसरे देश की नागरिकता हासिल करता है, तो नागरिकता अधिनियम की धारा 9 के तहत उसकी भारतीय नागरिकता समाप्त हो जाती है।

    भारतीय नागरिकता नहीं, तो भारत में कैसे काम करते हैं सेलेब्स? 3 पॉइंट्स में जानिए-

    1. OCI कार्ड से मिलती है भारत में रहने की सुविधा आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ और इमरान खान जैसे भारतीय मूल के कुछ कलाकारों के पास विदेशी नागरिकता है। पात्र विदेशी नागरिक OCI (Overseas Citizen of India) कार्ड के जरिए भारत में रहने और कई तरह की आर्थिक, शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में हिस्सा लेने की सुविधाएं पा सकते हैं। हालांकि, OCI भारतीय नागरिकता नहीं है और इसके साथ राजनीतिक अधिकार नहीं मिलते।

    2. फिल्मों में काम करने के लिए क्या जरूरी है? विदेशी नागरिकों के लिए भारत में काम करने की अनुमति उनकी नागरिकता, इमिग्रेशन स्टेटस और लागू नियमों पर निर्भर करती है। OCI कार्डधारकों को भारत में आर्थिक, शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों के लिए सामान्य विदेशी नागरिकों से अलग सुविधाएं मिलती हैं। वहीं, अन्य विदेशी कलाकारों को अपने काम और भारत में रहने की स्थिति के अनुसार लागू वीजा और अनुमति संबंधी नियमों का पालन करना होता है।

    3. विदेशी नागरिकता का मतलब भारत में सभी अधिकार मिलना नहीं विदेशी पासपोर्ट रखने वाले कलाकार भारत में फिल्में कर सकते हैं, लेकिन उन्हें भारतीय नागरिकों के समान सभी अधिकार नहीं मिलते। वे सिर्फ विदेशी नागरिकता या OCI कार्ड के आधार पर भारत में वोट नहीं डाल सकते और न ही चुनाव लड़ सकते हैं। राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी पर लागू नियमों का पालन करना भी जरूरी है। क्या कटरीना, आलिया को भारतीय नागरिकों से शादी करने पर छूट मिलती है?

    नहीं, कटरीना कैफ ने भारतीय नागरिकता रखने वाले विक्की कौशल से और आलिया ने रणबीर कपूर से शादी की। हालांकि इससे उन्हें कोई खास छूट नहीं मिलती। नागरिकता अधिनियम की धारा 5(1)(c) के तहत, वह 7 सालों तक सामान्य निवास की शर्तें पूरी करने के बाद ही नागरिकता के लिए आवेदन कर सकती हैं।



    Source link